Modinagar Road, Hapur - 245101 (UP)

कोहरे और...

  • Hapur
  • कोहरे और...
कोहरे और शीतलहर ने शहर को जकड़ा, जनजीवन पर दिखा असर
Rajendra Singh / 20-12-2025

कोहरे और शीतलहर ने शहर को जकड़ा, जनजीवन पर दिखा असर

हापुड़। शहर में ठंड का असर लगातार गहराता जा रहा है। बीते दो दिनों से जारी शीतलहर और घने कोहरे ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में कोहरे की मोटी परत छाई रही, जिससे दोपहर तक सड़कों पर दृश्यता बेहद कम बनी रही। हालात ऐसे रहे कि वाहन चालकों को धीमी रफ्तार में सफर तय करना पड़ा।

कड़ाके की ठंड के बीच स्कूली बच्चे ठिठुरते हुए विद्यालय पहुंचे। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि शनिवार तक क्षेत्र में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट लागू रहेगा और कुछ स्थानों पर दृश्यता और कम हो सकती है।


दिन के समय करीब आठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं ने गलन को और बढ़ा दिया। हालांकि दोपहर बाद हल्की धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली और लोग छतों व खुले स्थानों पर धूप सेंकते नजर आए। लेकिन शाम होते ही ठंड फिर से हावी हो गई, जिससे कंपकंपी बढ़ गई।

मौसम के इस बदले मिजाज के चलते अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ठंड बढ़ने का असर बाजारों पर भी दिखाई देने लगा है। दुकानों पर ग्राहक कम नजर आ रहे हैं और व्यापारी ठंड से बचाव के लिए अलाव जलाने को मजबूर हैं।


मौसम विशेषज्ञ डॉ. अशोक कुमार के अनुसार आने वाले दो दिनों तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। इसके बाद मौसम में हल्का सुधार संभव है, लेकिन तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण ठंड का असर अभी जारी रहने की संभावना है।



WhatsApp Call Now