हापुड़ में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन: कांग्रेस नेताओं की अभद्र टिप्पणी का किया विरोध
Hapur : हापुड़ नगर में भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस और INDI गठबंधन के नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और उनकी पूज्य माता जी के प्रति की गई अभद्र टिप्पणी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा महिला मोर्चा का कहना है कि यह टिप्पणी न केवल प्रधानमंत्री और उनकी माता के प्रति अपमानजनक है, बल्कि यह पूरे देश की असंख्य माता-बहनों और भारतीय सांस्कृतिक भावनाओं का भी अपमान है।
भाजपा नेताओं भूपेंद्र सिंह, धर्मपाल सिंह, सतेन्द्र शिशोदिया और नरेश तोमर के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस की इस घटिया सोच और अमर्यादित आचरण की कड़ी निंदा की गई। भाजपा का मानना है कि राहुल गांधी को इस असभ्य और अपमानजनक व्यवहार के लिए पूरे देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी होगी। भाजपा का यह भी संदेश था कि भारत की जनता ऐसे असभ्य व्यवहार को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा ने लोकतांत्रिक तरीके से शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर देशवासियों को जागरूक किया और कांग्रेस नेताओं के रवैये की कड़ी निंदा की।