ग्राम नवादा में किसान पंचायत: बढ़ी ब्याज दर के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी
जनपद हापुड़ के ग्राम नवादा में सहकारी बैंक द्वारा बढ़ाई गई ब्याज दर के विरोध में एक बड़ी किसान पंचायत आयोजित की गई, जिसमें किसानों ने अपनी समस्याओं को जोरदार तरीके से उठाया। पंचायत का संचालन पपेंद्र सिंह ने किया, जबकि अध्यक्षता प्रदेश सचिव उदयवीर सिंह ने की। किसानों ने आरोप लगाया कि पहले 3% ब्याज दर पर मिलने वाला ऋण अब 7% कर दिया गया है और 4% ब्याज वापसी का वादा भी पूरा नहीं किया गया। इस दौरान विनय बाना ने कहा कि विभागीय आदेश के बावजूद किसानों से अधिक ब्याज वसूला जा रहा है, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।
पंचायत के मुख्य अतिथि एकलव्य सिंह सहारा ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर सीडीओ श्रुति शर्मा से बातचीत की गई है और प्रशासन को चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो किसान बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने किसानों से गांव-गांव बैठकों के माध्यम से एकजुट होकर संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। किसानों ने यह भी सवाल उठाया कि जब अन्य जिलों में 3% ब्याज दर लागू हो सकती है, तो हापुड़ में देरी क्यों हो रही है। पंचायत में मौजूद किसानों ने एक स्वर में प्रशासन से जल्द न्यायपूर्ण निर्णय लेने की मांग की।