46 लाख की ठगी का आरोप, पैसे मांगने पर मिली धमकी, पीड़ित ने लगाई सुरक्षा की गुहार
हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र में 46 लाख रुपये की ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित संदेश यादव ने आरोप लगाया है कि उन्हें राज्य मंत्री बनवाने का झांसा देकर बड़ी रकम ठगी गई। शनिवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने पूरी घटना का खुलासा किया और प्रशासन से सुरक्षा की मांग की।
संदेश यादव का कहना है कि वर्ष 2022 में उन्हें संजीव यादव नामक व्यक्ति ने राजनीतिक प्रभाव का हवाला देकर मंत्री पद दिलाने का भरोसा दिया था। इस दौरान उनकी मुलाकात कथित रूप से कुछ राजनीतिक और स्थानीय लोगों से कराई गई, जहां चार बार अलग-अलग बैठकों में पैसे लिए गए। कुल मिलाकर उनसे 46 लाख रुपये की मांग कर वसूली की गई।
पीड़ित के अनुसार, बाद में जब उन्हें मंत्री पद नहीं मिला तो कुछ लोगों ने आंशिक रकम वापस कर दी, लेकिन संजीव यादव ने अब तक करीब 3 लाख 95 हजार रुपये नहीं लौटाए हैं। जब उन्होंने पैसे वापस मांगने की कोशिश की तो उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। साथ ही सोशल मीडिया और फोन के माध्यम से अभद्र टिप्पणियां भी की जा रही हैं।
संदेश यादव ने यह भी बताया कि उन्होंने इस मामले की शिकायत थाना सिंभावली में दी है, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। इससे परेशान होकर उन्होंने मीडिया के सामने आकर अपनी बात रखी और पुलिस प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी की छवि पहले से ही विवादित रही है और वह कई ठगी मामलों में शामिल रहा है। इसके अलावा संजय नंबरदार नाम के व्यक्ति पर भी आरोप है कि वह खुद को राजनीतिक प्रतिनिधि बताकर लोगों को गुमराह करता है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।