सिम्भावली पुलिस का बड़ा खुलासा: 5 अंतरराज्यीय ठग गिरफ्तार, ‘गोटी गेम’ से लगाते थे लाखों का चूना
हापुड़ के सिम्भावली थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये गिरोह ‘गोटी के खेल’ के नाम पर लोगों को पैसे दोगुना करने का झांसा देकर ठगी करता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 84,300 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
जांच में सामने आया है कि ये सभी आरोपी अलग-अलग जिलों में सक्रिय थे और पहले से ही कई आपराधिक मामलों में वांछित चल रहे थे। इनके खिलाफ अमरोहा, मेरठ, मथुरा, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, संभल और हापुड़ समेत कई जिलों में धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लोगों की लालच और भरोसे का फायदा उठाकर उन्हें अपने जाल में फंसाता था। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।