कुराना टोल प्लाजा पर सीओ ने की पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
Hapur के हाफिजपुर थाना क्षेत्र स्थित कुराना टोल प्लाजा पर शुक्रवार देर रात सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सीओ अनीता चौहान ने पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।
गश्त के दौरान पुलिस टीम ने टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों और व्यक्तियों की सघन जांच की। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए मौके पर पूछताछ भी की गई। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।
सीओ ने कहा कि इस तरह की गश्त का उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना और असामाजिक तत्वों में भय पैदा करना है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।