हापुड़ में अंबेडकर जयंती पर कड़ी सुरक्षा, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण और पैदल गश्त
हापुड़ में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने अंबेडकर चौराहे पर स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।

इसके बाद दोनों अधिकारियों ने थाना हापुड़ नगर क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान बाजारों, मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

प्रशासन ने साफ किया कि जयंती कार्यक्रम के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूरे जिले में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार निगरानी की जा रही है।
