हापुड़ में भव्य अंदाज में मनी अंबेडकर जयंती, 99 से अधिक शोभायात्राओं में उमड़ा जनसैलाब
हापुड़ में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती इस वर्ष बेहद उत्साह और भव्यता के साथ मनाई गई। आयोजन की शुरुआत सोमवार रात 12 बजे से ही हो गई थी, जिसके बाद मंगलवार को पूरे जिले में रंगारंग शोभायात्राओं का सिलसिला देखने को मिला। शहर की सड़कों पर नीले रंग की छटा छाई रही और हर तरफ बाबा साहब के जयकारों की गूंज सुनाई दी।

मेरठ रोड स्थित अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर रातभर युवाओं ने डीजे की धुन पर नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया। वहीं, मंगलवार सुबह मेरठ तिराहे पर स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण का कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
जिले के विभिन्न इलाकों से निकली शोभायात्राओं में ढोल-नगाड़ों के साथ युवाओं का जोश देखने लायक था। कई स्थानों पर लोगों ने नीले रंग से होली खेलते हुए एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। गढ़मुक्तेश्वर और धौलाना तहसीलों में भी समारोह पूरे उत्साह के साथ आयोजित किए गए।

प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों ने पूरे दिन हालात पर नजर बनाए रखी। अनुमान है कि जिले भर में 99 से अधिक शोभायात्राएं देर शाम तक जारी रहेंगी, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना हुआ है।