हापुड़ में एक ही रात में तीन दुकानों में लाखों की चोरी, व्यापारियों में दहशत
Hapur के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में शनिवार रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया, जहां एक ही रात में तीन अलग-अलग दुकानों और गोदामों को निशाना बनाया गया। इस घटना से व्यापारियों में दहशत का माहौल बन गया है।
स्वर्ग आश्रम रोड स्थित शिवा मोबाइल दुकान से चोरों ने शटर तोड़कर लगभग 50 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी कर लिया। इसके बाद पास ही स्थित सांई मेडिकल एजेंसी से करीब 5 लाख रुपये की दवाइयां और स्टॉक गायब कर दिया गया। वहीं अशोक कुमार के चॉकलेट गोदाम से भी लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया गया।
सुबह घटना का पता चलने पर व्यापारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।