"हापुड़: हादसे के बाद अवैध स्विमिंग पूल पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, पूल सील"
दिनांक 29 मई 2026 को जनपद हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र स्थित ग्राम देहरी में संचालित एक स्विमिंग पूल में हुई दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा कदम उठाया है।
घटना के बाद जिला क्रीड़ा अधिकारी एवं उनकी टीम ने थाना प्रभारी सिंभावली सुरेश कुमार के साथ संयुक्त रूप से संबंधित स्विमिंग पूल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पूल में सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी की जा रही थी और आवश्यक व्यवस्थाएं भी पूरी नहीं थीं।
जनहित और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने तुरंत प्रभाव से उक्त स्विमिंग पूल को सील कर दिया।
जिला क्रीड़ा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में संचालित सभी स्विमिंग पूलों के लिए शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों, लाइफगार्ड की उपलब्धता, पंजीकरण और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का पालन अनिवार्य है।
उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को केवल उन्हीं स्विमिंग पूलों में भेजें जो पूरी तरह से पंजीकृत हों और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हों, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।