अहमदगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा, पुलिस की तत्परता से बची कई जिंदगियां
बुलंदशहर जनपद के Ahmadgarh थाना क्षेत्र में मानवता की मिसाल पेश करते हुए पुलिस ने सड़क हादसे में घायल लोगों की त्वरित मदद कर सराहनीय कार्य किया। देर रात करीब 2:30 बजे हुए इस भीषण एक्सीडेंट में नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, एक ईको गाड़ी शादी समारोह से लौटते समय सिकंदराबाद से अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन मेरठ–बदायूं हाईवे पर एचपी पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, अचानक अनियंत्रित होकर खजूर के पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी में सवार सभी नौ लोग घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बिना समय गंवाए एंबुलेंस और थाने की सरकारी गाड़ी की मदद से सभी घायलों को तुरंत सीएचसी डिबाई में भर्ती कराया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने घायलों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी लोग डिबाई क्षेत्र के निवासी हैं और शादी समारोह से लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को नींद आना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
इस पूरी घटना में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। समय पर सहायता मिलने से बड़ी अनहोनी टल गई और कई जिंदगियां बच सकीं।