शिवरात्रि पर स्याना में कांवड़ियों का भव्य स्वागत, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
स्याना में शिवरात्रि पर्व के अवसर पर हरिद्वार से जल लेकर लौट रहे शिव भक्तों का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। नगर के विभिन्न मार्गों पर कांवड़ियों के लिए भंडारों का आयोजन किया गया है, वहीं ठहरने के लिए अस्थायी विश्राम स्थलों की व्यवस्था भी की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि रात में भी भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
शिव भक्तों की सुरक्षा और सुचारु आवागमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। कोतवाली प्रभारी यज्ञदत्त शर्मा ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर दिन-रात पुलिस की कड़ी चौकसी रखी जा रही है। भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त फोर्स भी लगाई गई है। रूट डायवर्जन की व्यवस्था कर जाम की समस्या से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस को सक्रिय किया गया है।
नगर से गुजरते कांवड़ियों द्वारा लगाए जा रहे “बम भोले” के जयकारों से पूरा इलाका शिवमय हो उठा। सराय चौकी क्षेत्र में चौकी प्रभारी अजय सिंह स्वयं स्टाफ के साथ मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते नजर आए। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी समस्या की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।