बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप: दबंगों ने घर पर चढ़कर किया पथराव, कई घायल
बुलंदशहर जिले के पहासू थाना क्षेत्र के बरौला गांव में बच्चों के मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गांव के कुछ दबंगों ने पहले रास्ते में बच्चों को रोककर उनके साथ मारपीट की और इसके बाद पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर जमकर पथराव किया। इस घटना में तीन से चार लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार पीड़ित परिवार के बच्चे भागवत कथा के भंडारे के लिए सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में खड़े दबंगों ने बच्चों से कहासुनी के बाद मारपीट शुरू कर दी। बच्चों के साथ हुई मारपीट की जानकारी जब परिजनों को मिली तो मामला और बढ़ गया। आरोप है कि दबंगों ने गुस्से में आकर पीड़ितों के घर पर धावा बोल दिया और पत्थरबाजी कर दी, जिससे घर में मौजूद लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पहासू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित पक्ष ग्राम प्रधान बरौला के परिवार से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी दबंग मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। गांव में एहतियातन पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि दोबारा कोई तनाव की स्थिति न बने।