BJP को जल्द मिलेगा नया राष्ट्रीय अध्यक्ष, 20 जनवरी को हो सकता है ऐलान, नितिन नबीन का निर्विरोध चुना जाना तय!
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर तस्वीर लगभग साफ हो गई है। पार्टी ने अध्यक्ष पद के चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है, जिसके तहत 19 जनवरी को नामांकन प्रक्रिया पूरी होगी और 20 जनवरी को नए अध्यक्ष के नाम की आधिकारिक घोषणा किए जाने की संभावना है।
भाजपा के राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, अध्यक्ष पद के लिए नामांकन 19 जनवरी को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक दाखिल किए जाएंगे। उसी दिन शाम 4 बजे से 5 बजे के बीच नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि शाम 5 बजे से 6 बजे तक नाम वापस लेने की प्रक्रिया चलेगी।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि यदि कोई दूसरा उम्मीदवार मैदान में नहीं उतरता है, तो 20 जनवरी को बिना मतदान के ही अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। हालांकि जरूरत पड़ने पर उसी दिन मतदान भी कराया जा सकता है।
नितिन नबीन बन सकते हैं भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का समर्थन उन्हें प्राप्त है। ऐसे में वह मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा की जगह ले सकते हैं।
नितिन नबीन का राजनीतिक सफर
नितिन नबीन बिहार की राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा हैं। उन्होंने वर्ष 2006 में पटना पश्चिम विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनकर राजनीति में कदम रखा था। इसके बाद 2010 से 2025 तक वह लगातार बांकीपुर विधानसभा सीट से जीत दर्ज करते रहे हैं। वर्तमान में वह बिहार सरकार में पथ निर्माण विभाग और नगर विकास एवं आवास मंत्री हैं।
मई 1980 में रांची (झारखंड) में जन्मे नितिन नबीन ने अपनी शिक्षा पटना और दिल्ली से पूरी की है। चुनावी हलफनामे के अनुसार, उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है और उन्होंने स्वयं को सामाजिक कार्यकर्ता बताया है।
भाजपा मुख्यालय में पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न होगी और अब सभी की नजरें 20 जनवरी पर टिकी हैं, जब पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल सकता है।