Modinagar Road, Hapur - 245101 (UP)

बांके बिहारी...

  • देश
  • बांके बिहारी...
बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर की ओर बड़ा कदम, पहली रजिस्ट्री संपन्न, आसान होगी ठाकुर जी के दर्शन की राह
Shiva Azad / 17-01-2026

बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर की ओर बड़ा कदम, पहली रजिस्ट्री संपन्न, आसान होगी ठाकुर जी के दर्शन की राह

श्रीबांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। वृंदावन में कॉरिडोर निर्माण के लिए पहली संपत्ति रजिस्ट्री सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। इस उपलब्धि के साथ ही ठाकुर बांके बिहारी जी के भक्तों के लिए सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित दर्शन की राह प्रशस्त होने लगी है।


जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बिहारिपुरा क्षेत्र स्थित संपत्ति संख्या-25 के 69.26 वर्ग मीटर हिस्से की रजिस्ट्री कॉरिडोर निर्माण के उद्देश्य से तहसीलदार सदर के नाम कराई गई है। इस भूमि का विक्रय-विलेख गोस्वामी परिवार के यति गोस्वामी, अभिलाष गोस्वामी और अनिकेत गोस्वामी द्वारा निष्पादित किया गया।

उन्होंने बताया कि यह पहली रजिस्ट्री जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा के प्रयासों से संभव हो सकी है। यह कॉरिडोर निर्माण के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में एक सशक्त शुरुआत मानी जा रही है।


उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर हो रहा कार्य
शुक्रवार को जारी सरकारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह पूरी प्रक्रिया उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार गठित उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अशोक कुमार हैं, जिसमें प्रशासन, पुलिस, पुरातत्व विभाग और गोस्वामी समाज के प्रतिनिधि शामिल हैं। समिति ने मंदिर के गोस्वामियों, सेवायतों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनके सुझावों को योजना में सम्मिलित किया है।


श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत
प्रस्तावित कॉरिडोर में श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित वातावरण, बैठने की व्यवस्था, पेयजल सुविधा तथा सुगम प्रवेश और निकास द्वार बनाए जाएंगे। इससे वृंदावन की संकरी गलियों में लगने वाली भारी भीड़ और सुरक्षा जोखिमों में कमी आएगी। अब तक श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान भारी असुविधा का सामना करना पड़ता था, जिसे यह कॉरिडोर दूर करेगा।

जिला प्रशासन का कहना है कि कॉरिडोर निर्माण से ब्रज की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक पहचान मिलेगी। प्रशासन ने सभी लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यह परियोजना ठाकुर जी के भक्तों और ब्रजभूमि के गौरव को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाली सिद्ध होगी।