आधी रात की धमकियों से दहशत में पति, पत्नी के प्रेमी से जान का खतरा बताकर थाने पहुंचा
ग्रेटर नोएडा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक अपनी ही पत्नी के कथित प्रेमी से जान का खतरा बताकर पुलिस थाने पहुंचा। पीड़ित का आरोप है कि उसकी पत्नी का बॉयफ्रेंड उसे रोज आधी रात फोन कर गाली-गलौज करता है और जान से मारने की धमकी देता है। हालात से परेशान होकर युवक रोते-बिलखते दनकौर कोतवाली पहुंचा और पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई।
मामला दनकौर कोतवाली क्षेत्र का है। पीड़ित युवक ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसकी पत्नी और उसका प्रेमी मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच रहे हैं। युवक का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के चलते वह मानसिक तनाव में है और बाहर निकलकर ऑटो चलाने से भी डरने लगा है, जबकि यही उसकी आजीविका का एकमात्र साधन है।
17 साल पुराना रिश्ता, पांच बच्चों का पिता17 साल पुराना रिश्ता, पांच बच्चों का पिता
पीड़ित के मुताबिक उसकी शादी करीब 17 साल पहले हुई थी और उसके पांच बच्चे हैं। वह ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। कुछ समय पहले तक उसकी पत्नी भी ग्रेटर नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी कर रही थी। इसी दौरान कंपनी में काम करने वाले एक युवक से उसके अवैध संबंध बन गए। जब पति को इस बात की जानकारी हुई तो उसने पत्नी की नौकरी छुड़वा दी।
इसके बाद से ही हालात और बिगड़ गए। पीड़ित का आरोप है कि पत्नी का प्रेमी उससे रंजिश रखने लगा और अब उसे लगातार धमकियां दे रहा है। युवक का कहना है कि आरोपी खुद को दबंग बताता है और खुलेआम जान से मारने की बात कहता है।
पुलिस ने शुरू की जांच
दनकौर थाना प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि युवक की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित को सुरक्षा का भरोसा दिया है।
इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों में बढ़ते तनाव और घरेलू विवादों के खतरनाक मोड़ लेने की ओर ध्यान खींचा है, जहां डर और धमकियों के साये में एक व्यक्ति अपनी जान की सुरक्षा के लिए पुलिस के दरवाजे पर पहुंचने को मजबूर हो गया।