मोदीनगर में रिटायर्ड फौजी के घर से प्रतिबंधित कारतूस बरामद, पत्नी की शिकायत से खुला राज
गाजियाबाद जिले के मोदीनगर क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक रिटायर्ड फौजी के घर से बड़ी संख्या में प्रतिबंधित कारतूस मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। यह कार्रवाई तब हुई जब आरोपी की पत्नी ने खुद पुलिस को सूचना देकर घर में छिपाए गए कारतूसों का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, राजाकुंज कॉलोनी निवासी रिटायर्ड फौजी के घर पर छापा मारा गया, जहां एक बक्से में छिपाकर रखे गए अलग-अलग बोर के कुल 42 कारतूस बरामद किए गए। ये सभी कारतूस आम नागरिक के लिए अवैध माने जाते हैं।
महिला का आरोप है कि उसके पति सेना में सेवा के दौरान कारतूस चोरी कर लाए थे और लंबे समय से उन्हें घर में छिपाकर रखा हुआ था। पारिवारिक विवाद और मारपीट के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पीड़िता का यह भी कहना है कि उसने पहले संबंधित सैन्य अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन बाद में स्थानीय पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि प्रतिबंधित कारतूस रखने के पीछे आरोपी का मकसद क्या था और कहीं इनका इस्तेमाल किसी आपराधिक गतिविधि में करने की योजना तो नहीं थी।