गाजियाबाद में तीन बहनों की रहस्यमयी मौत: ‘कोरियन गेम’ की थ्योरी पर उठे सवाल, CCTV से खुले नए राज
गाजियाबाद की भारत सिटी सोसाइटी में तीन सगी बहनों की संदिग्ध मौत का मामला लगातार नए मोड़ ले रहा है। शुरुआत में परिजनों की ओर से इसे कथित ‘कोरियन ऑनलाइन गेम’ से जोड़ा गया, लेकिन अब सोसाइटी के लोगों और CCTV फुटेज से सामने आए तथ्यों ने इस कहानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सोसाइटी पदाधिकारियों के अनुसार, जिस समय बच्चियों के शव फ्लैट के नीचे मिले, उसी दौरान ऊपर घर के अंदर माता-पिता के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की की आवाजें सुनाई दीं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना के बाद मां बदहवास हालत में नीचे उतरी और मदद के लिए चीखती रही, जिससे माहौल और ज्यादा रहस्यमय हो गया।
इस पूरे मामले में लिफ्ट के अंदर लगे CCTV कैमरे की फुटेज अहम मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद परिवार के कुछ सदस्य आपस में बहस करते हुए लिफ्ट में कैद हो गए थे, जिसका वीडियो पुलिस के पास है। वहीं, जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से पहले घर के कुछ मोबाइल फोन गायब थे, जिन्हें बेच दिए जाने की बात कही जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ‘ऑनलाइन गेम’ वाला एंगल जांच के दायरे में है, लेकिन फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुँचना जल्दबाज़ी होगी। फॉरेंसिक रिपोर्ट, मोबाइल डेटा और हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। मामले को लेकर परिजन निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं और पुलिस हर पहलू से पड़ताल कर रही है।