गाजियाबाद में फर्जी पासपोर्ट रैकेट का खुलासा: डाकिया समेत 5 गिरफ्तार, 22 पासपोर्ट एक पते से मिले
गाजियाबाद: जिले में फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। जांच में सामने आया कि एक ही पते से 22 से अधिक पासपोर्ट जारी किए गए और कई फॉर्म में एक ही मोबाइल नंबर इस्तेमाल हुआ। पुलिस ने इस मामले में डाक विभाग के एक कर्मचारी (डाकिया) अरुण कुमार समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
मामला तब सामने आया जब दिल्ली के क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने संदिग्ध आवेदनों की जानकारी गाजियाबाद पुलिस को दी। पुलिस ने पता लगाया कि जिन पतों पर पासपोर्ट जारी हुए, वहां वास्तविक निवासियों का कोई रिकॉर्ड नहीं था।
जांच में खुलासा हुआ कि डाकिया हर पासपोर्ट के बदले 2,000 रुपये लेता और उसे सीधे गिरोह के हवाले करता था। आरोपियों में प्रकाश सुब्बा और विवेक नाम के लोग भी शामिल थे। अब तक कुल 26 लोगों पर एफआईआर दर्ज की जा चुकी है, जिनमें फर्जी नाम वाले लोग और मदद करने वाले शामिल हैं।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस नेटवर्क का संबंध किसी बड़े अवैध गतिविधियों या राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं से है। अधिकारियों ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और सिस्टम में सुधार के लिए सत्यापन व डिलीवरी प्रक्रिया को और सख्त किया जाएगा।