Modinagar Road, Hapur - 245101 (UP)

मोदीनगर में...

मोदीनगर में अक्षय तृतीया पर भव्य सेवा आयोजन: जैन समाज ने किया खिचड़ी वितरण, बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल
Shiva Azad / 19-04-2026

मोदीनगर में अक्षय तृतीया पर भव्य सेवा आयोजन: जैन समाज ने किया खिचड़ी वितरण, बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल

गाजियाबाद के मोदीनगर में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर सामाजिक और धार्मिक सेवा का भव्य आयोजन किया गया। सतीश चंद जैन सूत वालों की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में खिचड़ी वितरण कर सेवा भावना का संदेश दिया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जैन समाज के श्रद्धालु शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप खिचड़ी वितरित की गई, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। आयोजकों के अनुसार, यह परंपरा हर वर्ष अक्षय तृतीया के दिन निभाई जाती है, जिसका उद्देश्य समाज में सेवा, दान और मानवता की भावना को बढ़ावा देना है।


धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ ने 400 दिनों की कठोर तपस्या के बाद अक्षय तृतीया के दिन गन्ने का रस ग्रहण कर अपना उपवास पूर्ण किया था। इसी ऐतिहासिक घटना की स्मृति में यह सेवा कार्य हर वर्ष किया जाता है।

कार्यक्रम के आयोजक तरुण जैन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में एकता, त्याग और धर्म के प्रति आस्था को मजबूत करते हैं। उन्होंने इसे पुण्य और सेवा का अवसर बताया।


इस मौके पर बृजेश जैन, लोकेश जैन, प्रवेश जैन, पूनम जैन, रिशु जैन, अंजलि जैन, वरुण जैन और प्रत्यक्ष जैन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर श्रद्धालुओं को खिचड़ी वितरित कर सेवा कार्य में भाग लिया और पुण्य लाभ अर्जित किया।

WhatsApp Call Now