यूपी होमगार्ड भर्ती: 25 से 27 अप्रैल तक लिखित परीक्षा, 25 लाख से अधिक आवेदन
उत्तर प्रदेश में होमगार्ड स्वयंसेवकों के 41,424 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। परीक्षा 25 अप्रैल से 27 अप्रैल तक तीन दिनों में आयोजित होगी। यह जानकारी उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सोमवार को जारी की।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी जानकारी और अपडेट के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर ध्यान दें।
जानकारी के अनुसार, होमगार्ड बनने के लिए 25.30 लाख ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। परीक्षा तीन दिनों में छह पालियों में आयोजित की जाएगी। सभी जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए जाने की संभावना है, जिसका अंतिम फैसला बोर्ड द्वारा बाद में लिया जाएगा।
परीक्षा पूरी तरह ऑफलाइन होगी और इसमें केवल सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा ओएमआर आधारित होगी और कुल अंक 100 होंगे। यह परीक्षा प्रदेश में होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण मानी जा रही है।