गोंडा में ब्लैकमेल मामले में पति-पत्नी गिरफ्तार, इंजीनियर ने की आत्महत्या
Up News : गोंडा जिले में एक 25 वर्षीय इंजीनियर की आत्महत्या के बाद पुलिस ने मामले में पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बैंक कैशियर अजीत सिंह और उसकी पत्नी सोनल सिंह ने अभिषेक श्रीवास्तव को प्रेम जाल में फंसाकर लगातार ब्लैकमेल किया। पुलिस के अनुसार, अभिषेक ने 17 दिसंबर की रात अपने घर में फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया।
आत्महत्या से पहले उन्होंने व्हाट्सएप कॉल, चैट और ऑनलाइन लेनदेन के दस्तावेज अपने कमरे में रखे थे, जो परेशानियों की ओर इशारा कर रहे थे। जांच में सामने आया कि अभिषेक और सोनल के बीच जनवरी से जुलाई 2025 तक प्रेम संबंध थे, लेकिन संपत्ति और व्यक्तिगत विवाद के चलते रिश्ता खत्म हो गया।
इसके बाद सोनल ने अभिषेक पर झूठे आरोप लगाकर उसे जेल भिजवा दिया। आरोपी दंपत्ति पर अभिषेक की संपत्ति हड़पने का भी आरोप है। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी पूर्वी मनोज कुमार रावत ने बताया कि आरोपी पति-पत्नी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।