शालीमार पैराडाइज में 10 करोड़ की चोरी का खुलासा, पड़ोसी निकला मास्टरमाइंड
बाराबंकी और लखनऊ पुलिस ने शालीमार पैराडाइज सोसायटी में हुई करीब 10 करोड़ रुपये की हाईप्रोफाइल चोरी का सनसनीखेज खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड उसी सोसायटी में रहने वाला एक रिटायर्ड अधिकारी का बेटा निकला, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आकर्ष सिंह उर्फ यश ऑनलाइन ट्रेडिंग और सट्टेबाजी में भारी रकम गंवा चुका था और कर्ज के दबाव में था। जल्दी पैसा कमाने की चाह में उसने अपने पड़ोसी ठेकेदार अजय सिंह बघेल के घर को निशाना बनाया। आरोपी को पहले से जानकारी थी कि परिवार घर से बाहर गया हुआ है और घर में करोड़ों रुपये के कीमती जेवर व नकदी मौजूद हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले घर की रेकी की और फिर 24 अप्रैल की रात पीछे की खिड़की के ऊपर बने शेड को तोड़कर घर में दाखिल हुए। चोरी के दौरान हीरे, पन्ना जड़ित आभूषण, सोना-चांदी और लाइसेंसी पिस्टल समेत करोड़ों रुपये का सामान चोरी कर लिया गया।
घटना के बाद आरोपी चोरी का माल लेकर प्रयागराज भाग गए, जहां कुछ जेवर सर्राफा कारोबारियों को बेच दिए गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी जांच के आधार पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर करीब 5 करोड़ रुपये के आभूषण और अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस अब बाकी चोरी के माल और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। मामले के खुलासे के बाद पॉश सोसायटी में रहने वाले लोगों में भी हड़कंप मचा हुआ है।