शादी के 20 महीने बाद खुला राज: पति शारीरिक संबंध में असमर्थ, दहेज के लिए विवाहिता को किया प्रताड़ित
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गोला थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न और धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का कहना है कि उसका पति शारीरिक संबंध बनाने में असमर्थ है, फिर भी ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करते रहे।
पीड़िता के भाई ने गोला थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उसकी बहन की शादी 25 अप्रैल 2024 को खजनी थाना क्षेत्र के एक युवक से बड़े धूमधाम से की गई थी। शादी में परिवार ने अपनी हैसियत से बढ़कर दहेज दिया और लाखों रुपये खर्च किए। इसके बावजूद शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुर, जो पेशे से पशु चिकित्सक बताए जा रहे हैं, एक कार की अतिरिक्त मांग करने लगे।
विवाहिता का आरोप है कि शादी के बाद पति का व्यवहार असामान्य रहा। वह अक्सर रात में अलग कमरे में या घर से बाहर सोता था। इससे महिला मानसिक तनाव में रहने लगी। बाद में उसे पता चला कि उसका पति शारीरिक संबंध बनाने में सक्षम नहीं है और उसका गुप्त रूप से इलाज चल रहा है। इस सच्चाई को उससे छिपाकर शादी की गई।
महिला ने जब पति की असमर्थता और दहेज की मांग का विरोध किया तो 25 नवंबर 2024 को ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि उसके जेवर छीन लिए गए और जान से मारने की धमकी देकर उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद से पीड़िता अपने मायके में रहने को मजबूर है।
मामले में गोला पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी राहुल शुक्ला ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।