गोरखपुर में पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर घर के पीछे दफनाया, पिता की सूचना से खुला राज
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। बेलघाट थाना क्षेत्र के बेइलीकुंड गांव में पति अर्जुन ने पत्नी खुशबू की हत्या कर उसके शव को घर के पीछे जमीन में दफना दिया। कई दिनों तक यह राज दबा रहा, लेकिन आखिरकार पिता की सूचना पर पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया।
जानकारी के अनुसार, अर्जुन लुधियाना में मजदूरी करता था और 17 नवंबर को गांव लौटा था। घर आने के बाद उसने खुशबू के पास एक ऐसा मोबाइल फोन देखा, जिसकी उसे जानकारी नहीं थी। इसी बात को लेकर उसके मन में शक पैदा हो गया कि पत्नी किसी अन्य युवक से संपर्क में है।
21 दिसंबर की रात मोबाइल को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखी बहस हुई। आरोप-प्रत्यारोप के बीच गुस्से में अर्जुन ने खुशबू का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद अर्जुन ने शव को ठिकाने लगाने के लिए घर के पीछे करीब छह फीट गहरा गड्ढा खोदा और खुशबू को वहीं दफना दिया।
अगले दिन परिवार और पड़ोसियों के पूछने पर अर्जुन ने झूठी कहानी गढ़ दी कि खुशबू बिना बताए कहीं चली गई है। कई दिनों तक मायके और ससुराल पक्ष उसकी तलाश करता रहा, जबकि अर्जुन सामान्य व्यवहार करता रहा।
इस बीच अर्जुन के पिता को बेटे की गतिविधियों पर शक हुआ। उन्होंने हिम्मत जुटाकर बेलघाट थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी। पुलिस ने जब अर्जुन से सख्ती से पूछताछ की तो पहले उसने गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में टूटकर अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घर के पीछे से खुशबू का शव बरामद किया। पुलिस ने अर्जुन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।